नीमच। नई कृषि मंडी में तीन दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को लहसुन व्यापारी का गोदाम खुला तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। कागजात बिखरे हुए थे, अलमारी खुली थी और कांच टूटा हुआ था। इसके बाद गोदाम में चोरी और तोड़फोड़ की वारदात सामने आई। घटना से मंडी क्षेत्र में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार, एसआर बंसल फर्म के व्यापारी संदीप बंसल के गोदाम पर सोमवार सुबह मुनीम पदम कुमार पहुंचे। शटर खोलने के बाद उन्होंने अंदर के कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह अंदर से बंद मिला। खिड़की से अंदर देखने पर कागजात बिखरे हुए, अलमारी खुली और कांच टूटा हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर व्यापारी संदीप बंसल मौके पर पहुंचे।
तीसरी मंजिल से दाखिल होने की आशंका-
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर तीसरी मंजिल की ओर से गोदाम में दाखिल हुए। वहां दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश करने के बाद पीछे की ओर से चादर के सहारे नीचे उतरकर गोदाम तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। वारदात के बाद चोर इसी रास्ते से वापस फरार हुए होंगे, ऐसा माना जा रहा है। हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोर कितनी नकदी या कितना माल ले गए। गोदाम के मैनेजर के बाहर होने के कारण स्टॉक और नकदी का मिलान नहीं हो सका है। मिलान के बाद ही चोरी से हुए वास्तविक नुकसान का पता चलेगा।
पुलिस ने किया मौका निरीक्षण-
सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
तीन दिन की छुट्टी के दौरान गोदाम में हुई इस वारदात ने नई कृषि मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। व्यापारी अब मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही वारदात में शामिल लोगों और चोरी गए सामान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।