जीरन। शासकीय संदीपनी बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दो छात्रों के बीच हुए विवाद में एक छात्र की आंख में गंभीर चोट लगने का मामला सामने आया है। घायल छात्र का शासकीय अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां चिकित्सकों ने एक्स-रे सहित आवश्यक जांच और उपचार किया।
परिजनों ने विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य रघुवीर आमेटा पर मामले को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, घटना की जानकारी देने पर प्रभारी प्राचार्य ने कथित तौर पर कहा कि “बच्चे तो लड़ते रहते हैं, हम क्या करें। जो करना है कर लो।” हालांकि, इस कथन की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
CCTV फुटेज दिखाने से इंकार का आरोप-
परिजनों का कहना है कि उन्होंने घटना से संबंधित स्कूल का CCTV फुटेज दिखाने की मांग की, लेकिन प्रभारी प्राचार्य ने फुटेज दिखाने से कथित तौर पर इंकार कर दिया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान विद्यालय की ओर से किसी शिक्षक को उसके साथ नहीं भेजा गया। घटना की जानकारी मिलने पर पार्षद प्रतिनिधि विकास सुथार मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को अस्पताल ले जाकर उपचार कराया।
कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी से कार्रवाई की मांग-
मामले को लेकर छात्र के परिजनों ने कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत कर प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि विद्यालय में छात्र की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए और घटना की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। मामले में विद्यालय प्रबंधन और शिक्षा विभाग का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।