चित्तौड़गढ़। जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली कच्छा-बनियान गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मध्यप्रदेश के गुना जिले के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि पूछताछ के आधार पर चार आरोपियों को नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।
घर में घुसकर चुराए 40-50 हजार रुपए के सिक्के-
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 की रात करीब 2.30 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र की कबीर कॉलोनी में सागर गांधी पिता राजकुमार गांधी के मकान में पांच नकाबपोश चोर घुसे थे। बदमाशों ने ग्राउंड फ्लोर की रसोई की खिड़की तोड़कर मकान में प्रवेश किया और प्रथम मंजिल पर रखी अलमारी का ताला तोड़कर करीब 40 से 50 हजार रुपए कीमत के सिक्के चोरी कर लिए।
घटना के समय घर में तीन पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे मौजूद थे। बदमाशों ने वारदात से पहले घर में लगे CCTV कैमरे को मोड़कर काट दिया था। रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV और आसूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा, पुलिस उपाधीक्षक बृजेश सिंह और पुलिस निरीक्षक जोधाराम के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही आसूचना तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अक्षय पारदी पिता लाल सिंह पारदी, उम्र 28 वर्ष, निवासी मुरादपुर मजरानिया, थाना धरावदा, जिला गुना, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने वारदात में शामिल अन्य साथियों के नाम बताए, जिसके आधार पर कुल चार आरोपियों को नामजद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पुलिस को पूछताछ के दौरान अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी मिलने की संभावना है।
चड्डी-बनियान पहनकर करते थे वारदात-
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों के वारदात करने का तरीका सामने आया है। आरोपी चोरी के दौरान चड्डी-बनियान में रहते थे, जबकि पैंट-शर्ट उतारकर कमर पर बांध लेते थे।
वारदात के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर जाकर आरोपी पैंट-शर्ट पहन लेते थे। पुलिस के अनुसार, ऐसा करने का उद्देश्य CCTV फुटेज में उनकी पहचान मुश्किल करना था, ताकि कैमरों में केवल चड्डी-बनियान पहने व्यक्ति दिखाई दें।
गिरफ्तार आरोपी-
अक्षय पारदी, पिता लाल सिंह पारदी, उम्र 28 वर्ष, निवासी मुरादपुर मजरानिया, थाना धरावदा, जिला गुना, मध्यप्रदेश।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम-
जिला विशेष टीम (DST): एएसआई सूरज कुमार, कांस्टेबल अरविंद, अशोक, कृष्णकांत, जगदीश, रामकेश, देवेंद्र एवं सुरेश सुंडा।
कोतवाली चित्तौड़गढ़: थानाधिकारी रजनीश गुर्जर, एएसआई सत्यनारायण, हेड कांस्टेबल उमर खान, चंद्रकरण सिंह एवं कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह।