गरोठ। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरोठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर के पावरट्रेक ट्रैक्टर-ट्रॉली से 221 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया, जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ राम सनेही मिश्रा और एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव के निर्देशन में कार्रवाई की गई।
गोपालपुरा तालाब की पाल पर की नाकाबंदी-
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नारीया बुजुर्ग निवासी गोविंद अपने साथी के साथ बिना नंबर के पावरट्रेक ट्रैक्टर-ट्रॉली में डोडाचूरा भरकर मोलाखेड़ी की ओर से बरड़िया अमरा तरफ जाने वाला है।
सूचना पर सहायक उपनिरीक्षक जसराज सिंह चंदेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम गोपालपुरा तालाब की पाल पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस को 9 काले प्लास्टिक के कट्टों में कुल 221 किलोग्राम डोडाचूरा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 42 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने डोडाचूरा के साथ दो मोबाइल फोन और ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त की। मौके से एक विधि-विरुद्ध बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया, जबकि ट्रैक्टर चालक गोविंद मौके से फरार हो गया।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज-
पुलिस के अनुसार, मामले में फरार आरोपी गोविंद पिता विष्णु, निवासी नारीया बुजुर्ग और विधि-विरुद्ध बालक के खिलाफ थाना गरोठ में अपराध क्रमांक 394/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
यह सामग्री हुई जब्त
221 किलोग्राम डोडाचूरा — अनुमानित कीमत 4.42 लाख
2 मोबाइल फोन — अनुमानित कीमत 20 हजार
बिना नंबर का पावरट्रेक ट्रैक्टर-ट्रॉली — अनुमानित कीमत 8 लाख
कार्रवाई करने वाली टीम-
कार्रवाई में थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीर सिंह यादव, सहायक उपनिरीक्षक जसराज सिंह चंदेल सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।