नीमच। जीरन थाना क्षेत्र में पालसोड़ा और भंवरासा के बीच मंगलवार को सड़क हादसे में 35 वर्षीय किसान दिलीप जाट की मौत हो गई। वे कृषि उपज मंडी में फसल बेचने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, दिलीप सड़क किनारे बाइक खड़ी कर मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक उछलकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई।
पिकअप चालक मौके से फरार-
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार पिकअप और उसके चालक की पहचान कर उसे पकड़ा जा सके। घटना के बाद मृतक के पैतृक गांव फतेहनगर सहित जाट समाज में शोक का माहौल है।