मंदसौर। अफजलपुर थाना पुलिस ने सोमवार-मंगलवार की रात अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 200 पेटी देशी शराब जब्त की। जब्त शराब की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही करीब 6 लाख रुपए कीमत की बोलेरो पिकअप भी जब्त की है। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
नाकाबंदी देखकर पिकअप लेकर भागा चालक-
पुलिस के अनुसार, एसपी विनोद कुमार मीना के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना प्रभारी विकास गहलोत की टीम को पिकअप वाहन से अवैध शराब परिवहन किए जाने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर चालक पिकअप लेकर नई आबादी अफजलपुर की ओर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो आगे रास्ता बंद मिला। इस पर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें 200 पेटी शराब बरामद हुई।
100 पेटी मसाला और 100 पेटी प्लेन शराब-
पुलिस के अनुसार, जब्त शराब में 100 पेटी देशी मसाला और 100 पेटी देशी प्लेन शराब शामिल है। पुलिस ने बोलेरो पिकअप क्रमांक MP 70 G 0315 जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।