मंदसौर। पिपलियामंडी पुलिस ने ग्राम बालागुढ़ा और उमरिया में दिनदहाड़े सूने मकानों में हुई नकबजनी की वारदातों का 48 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित कुल 4 लाख 62 हजार 150 रुपए का मशरूका तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल, कीमत करीब 1 लाख रुपए, जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मिथुन बाबू उर्फ अल्ताफ पिता नजीर शाह फकीर (38), निवासी कच्ची बस्ती, निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ और इजराईल उर्फ कालू मोहम्मद पिता इस्माईल खान (40), निवासी पीतलवाड़ी कला, थाना छोटी सादड़ी, जिला प्रतापगढ़ हैं।
100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले-
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को बालागुढ़ा निवासी संदीप प्रजापत ने सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी दिन उमरिया निवासी पन्नालाल मालवीय ने भी इसी प्रकार की चोरी की शिकायत दर्ज कराई। दोनों मामलों में पिपलियामंडी थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने क्षेत्र के 100 से अधिक स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ साइबर सेल मंदसौर से तकनीकी सहायता ली गई। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
दो वारदातों का मशरूका बरामद-
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर बालागुढ़ा की वारदात में चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी, कीमत 2 लाख 50 हजार 130 रुपए तथा उमरिया की वारदात का 2 लाख 12 हजार 20 रुपए का मशरूका बरामद किया गया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
15 मिनट में वारदात करने का पुलिस का दावा-
पुलिस के अनुसार, आरोपी मोटरसाइकिल से दिन के समय मध्यप्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों के गांवों में घूमते थे। सूना मकान दिखाई देने पर एक आरोपी ताला तोड़कर घर में प्रवेश करता, जबकि दूसरा बाहर मोटरसाइकिल पर रहकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब 15 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड ICJS पोर्टल पर खंगाला। पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और भीलवाड़ा सहित विभिन्न जिलों में चोरी एवं नकबजनी के मामलों में दर्ज रहे हैं। आरोपी मिथुन बाबू के खिलाफ 21 और इजराईल उर्फ कालू के खिलाफ 7 प्रकरण दर्ज होना पुलिस ने बताया है।
कुल 5.62 लाख रुपए का मशरूका जब्त-
पुलिस ने दोनों मामलों से संबंधित सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित 4 लाख 62 हजार 150 रुपए तथा बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल, कीमत करीब 1 लाख रुपए, जब्त की है। कुल जब्त मशरूका करीब 5 लाख 62 हजार 150 रुपए है।
कार्रवाई एसपी मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी मल्हारगढ़ पिंटू कुमार बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में पिपलियामंडी थाना, साइबर सेल चित्तौड़गढ़, थाना कोतवाली निम्बाहेड़ा एवं नीमच जिले के पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।