खरगोन। सेगांव चौकी पुलिस ने गुम हुई नाबालिग बालिका को इंदौर से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया। मामले में पुलिस ने बड़वानी जिले के एक 20 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार 8 अगस्त को ग्राम रेहगुन बैडीपुरा निवासी फरियादी ने अपनी नाबालिग बेटी के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर थाना ऊन में अपराध दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस टीम को 27 सितंबर को बालिका के इंदौर में होने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे सकुशल दस्तयाब किया।
बालिका के कथनों के आधार पर पुलिस ने दिपांशु पिता किशोर परमार, निवासी मावड़ा फल्या, नागलवाड़ी, जिला बड़वानी को गिरफ्तार किया। मामले में संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं।
कार्रवाई एसडीओपी सौरभ तोमर के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी गजेंद्र सिंह चौहान सहित पुलिस टीम ने की। बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।