रतलाम। सोलिडारीडाड एवं कृषि विभाग द्वारा जावरा तहसील के ग्राम उपलाई में राष्ट्रीय किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आसपास के गांव से लगभग 100 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुविभागीय अधिकारी एनके छारी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ उद्यानिकी विकास अधिकारी श्याम लाल सोलंकी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए छारी ने किसानों को रसायनों के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी देते हुए जैविक खेती एवं प्राकृतिक खेती करने की सलाह दी, जिसमें उन्होंने खेती में लागत को कम करने हेतु जीवामृत बिजामृत एवं दशपर्णी जैसे जीव कीटनाशकों को तैयार करने की विधि के बारे में बताया। तत्पश्चात सोलंकी ने मध्यप्रदेश उद्यानिकी विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं उन्हें प्राप्त करने हेतु पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने की विधि से अवगत कराया।
किसान सुनील शर्मा द्वारा अपने जैविक खेती के अनुभव को साझा करते हुए अन्य किसानों को भी जैविक खेती करने की सलाह दी। तत्पश्चात किसान दिवस के अवसर पर किसानों को सम्मानित किया गया, जिसमें उपलाई से मांगूदास सादा खेड़ी से दिलीप एवं सुनील शर्मा को कृषि क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान हेतु सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में लोकेंद्र सिंह सभी आगुंतक अधिकारियों एवं किसानों का आभार प्रकट किया गया। कार्यक्रम में उद्यानिकी विभाग से आरईएचओ अरविंद भाटी एवं लोकेश पाटीदार भी उपस्थित रहे एवं सोलिडरीदाद संस्था से राहुल गहलोत एवं भारत सिंह राठौर उपस्थित रहे।