नीमच। शहर में चौथी बार मिस्टर एमपी बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप का आयोजन 8 जनवरी को होने जा रहा है। जिसे लेकर अंगीठी रेस्टोरेंट पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए कोषाध्यक्ष अर्जुन पंडित ने बताया कि यह चैंपियनशिप बॉडी बिल्डिंग एंड फिजिक्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन नीमच के द्वारा आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के 33 जिलों से 250 से अधिक नामी-गिरामी शरीर साधक हिस्सा लेंगे। विजेताओं हेतु 2 लाख 21 हजार के केश प्राइज एवं मेडल सम्मान स्वरूप रखे गए है। इस दौरान संरक्षक राकेश अरोरा, संतोष चोपड़ा, एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिनव चौरसिया, सचिव साजिद कुरेशी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। बताया गया कि राज्य स्तरीय बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में यह 48 वीं सीनियर, 35 वीं मास्टर्स, 23 वीं दिव्यांग और तीसरी मेन्स-वुमेंस प्रतियोगिता है।
संतोष चोपड़ा ने कहा कि नीमच को खेलों में आगे ले जाने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं कराने के लिए हम प्रतिबद्ध है। हमारा प्रयास है कि नीमच का नाम देश प्रदेश में गौरवान्वित हो। यह प्रतियोगिता बहुत ही भव्य तरीके से आयोजित की जा रही है।
अभिनव चौरसिया ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को एक बेहतर मंच देने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधा दी जाएगी और यह इवेंट बहुत भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में महिलाओं के लिए बैठक की अलग से व्यवस्था की गई है। यह चैंपियनशिप राज्य शरीर सौष्ठव संस्था के तत्वावधान में और इंडियन बॉडीबिल्डर्स फेडरेशन मुंबई के मार्गदर्शन में आयोजित हो रही है। चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाले प्रसिद्ध बॉडी बिल्डर्स का एक रोड शो भी इसी दिन शहर के प्रमुख मार्गों पर किया जाएगा।
प्रतियोगिता 8 जनवरी को राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम में 5 बजे से आयोजित होगी। इससे पूर्व 2008, 2013 और 2017 में तीन बार नीमच में बॉडी बिल्डिंग की प्रतियोगिताएं हो चुकी है।