मनासा। मनासा तहसील मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर मालहेड़ा के समीप ग्राम देवरी परदा में उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत पर चारा काटने गई एक महिला को खेत की मेड़ पर विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही महिला घबरा गई और तत्काल गांव पहुंचकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां करीब 20 किलो वजन का विशाल अजगर मेड़ पर दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल बालागंज निवासी सर्पमित्र प्रकाश बंजारा को सूचना दी।
सर्पमित्र प्रकाश बंजारा मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित तरीके से अजगर को पकड़ लिया। इसके बाद अजगर को उसके प्राकृतिक आवास जंगल में सुरक्षित रूप से रिलीज कर दिया गया। रेस्क्यू की जानकारी वन विभाग को भी दी गई।
मनासा क्षेत्र में वन्यजीव रेस्क्यू के लिए सक्रिय सर्पमित्र
मनासा एवं आसपास के करीब 30 किलोमीटर क्षेत्र में खेतों, गांवों और आबादी वाले इलाकों में सांप एवं अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर सर्पमित्रों द्वारा लगातार रेस्क्यू कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों से अपील है कि किसी भी वन्यजीव या सांप को देखकर उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल प्रशिक्षित सर्पमित्र अथवा वन विभाग को सूचना दें।
इस रेस्क्यू अभियान से न केवल ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है, बल्कि वन्यजीवों को भी सुरक्षित उनके प्राकृतिक आवास तक पहुंचाया जा रहा है।