नीमच। अपनी पाठशाला में पढ़ रहे गरीब बच्चों को सिखाए जा रहे हैं संस्कार, बस्ती का कोई गरीब बच्चा शिक्षा से वंचित न रह पाये। इस बड़े संकल्प के साथ चाईल्ड रिलीफ फाउंडेशन की टीम द्वारा शहर की सटी बस्तियों में लगभग 40 बच्चों को प्रत्येक रविवार को 2 घंटे निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध करायी जा रही है, यही नहीं पूरी टीम द्वारा शैक्षणिक सामग्री के साथ ही बच्चों की रूचि बनी रहे, इसलिये कक्षा के बाद उन्हें पौष्टिक खिचड़ी, नाश्ता, टाफी, बिस्कुट, फल आदि उपलब्ध कराये जाते है।
चाईल्ड रिलीफ मिशन फाउंडेशन संस्था के उपाध्यक्ष किशोर बागड़ी ने बताया कि अचानक गरीब बच्चों की स्थिति देखकर योजना बनी कि क्यों न इन्हें शिक्षित कर सुयोग्य नागरिक बनाने में सहयोग किया जाए। देखते ही देखते कारवां बढता चला गया और अब पूरी टीम मिलकर बच्चों को प्रत्येक रविवार 1 घंटा पढाते हैं। यह काम आसान नहीं था। सबसे पहले तो बच्चों के अभिभावकों को मानसिक रूप से तैयार किया गया और शुरूआत में बहुत कम बच्चे आये, लेकिन अब तो बच्चों को भी शनिवार व रविवार का इंतजार रहता है कि कक्षायें कब चलेंगी, अब तो ब्लैक बोर्ड और शिक्षा से सम्बंधित संसाधन जुटा लिये गये हैं, अभिभावकों का भी उन्हें सहयोग मिल रहा है।
संस्था संरक्षक सत्यनारायण अग्रवाल ने बताया कि जिस प्रकार से इस कार्य की सराहना हो रही है साहस बढा है और इसका चरणबद्ध विस्तार जारी रहेगा। उन्होने समाज के समर्थ लोगों, युवाओं को भी आव्हान किया है कि लोग इस नेक कार्य से जुड़े जिससे कोई गरीब बच्चे ज्ञान के प्रकाश से वंचित न रहे।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष अनूप चौधरी, सचिव पायल जैन, उपाध्यक्ष किशोर बागड़ी, सदस्य रौनक दुग्गड, अपनी पाठशाला की शिक्षिका पूजा मिश्रा, भाग्य पांडे, प्रीतिबाला निर्मल एवं नवनीत अरोनदेकर आदि उपस्थित थे। उक्त जानकारी संयुक्त सचिव तन्मय अग्रवाल ने दी।