मुरैना। जिले में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। युवक अपनी बहन से मिलने उसके ससुराल मुरैना आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रहे एक वाहन ने उसको टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।
शिवकुमार उर्फ सोनू, पुत्र दामोदर पाराशर, उम्र 26 वर्ष, निवासी ढीलज्जा गांव, थाना सेपऊ, जिला धौलपुर अपनी बहन से मिलने उसकी ससुराल आ रहा था। वह बाइक पर था। इसी दौरान देवगढ़ थाने के पास सामने से आ रहे एक बड़े वाहन ने उसमें टक्कर मार दी। लोगों की मानें तो टक्कर अवैध रेत से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने मारी। टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित भाग गया।
टक्कर की आवाज सुनकर आस-पास मौजूद लोग वहां पहुंचे तो देखा कि युवक घायल पड़ा था। लोगों ने युवक को उठाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं उठ सका। बाद में लोगों ने देवगढ़ थाना पुलिस को खबर की, लगभग आधा घंटे बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो युवक की मौत हो चुकी थी। बाद में पुलिस ने उसे उठवाकर उसका पीएम करा दिया।