भोपाल। चुनावी साल की शुरुआत में आज रविवार को राजधानी भोपाल में बड़ा शक्ति प्रदर्शन है। करणी सेना परिवार जंबूरी मैदान पर महाआंदोलन करेगी। इसमें शामिल होने मप्र के अलग-अलग जिलों से बसों, कारों और ट्रेनों से राजपूत भोपाल पहुंंचेंगे। इसके अलावा राजस्थान, महाराष्ट्र, यूपी, छत्तीसगढ़ से भी राजपूत समाज और करणी सेना के लोग यहां पहुंचेंगे।
शनिवार देर रात करणी सेना परिवार के प्रदेश अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर साथियों के साथ जंबूरी मैदान पर पहुंचे। यहां राजस्थान से आए महिपाल सिंह मकराणा, जयपुर यूनिवर्सिटी के छात्र संघ अध्यक्ष रविन्द्र सिंह भाटी भी पहुंचे। कड़ाके की ठंड में मौजूद करणी सेना के कार्यकर्ताओं से महिपाल सिंह मकराणा ने कहा- ये विश्व का सबसे बड़ा इतिहास लिखा जाएगा। 10 लाख से ज्यादा राजपूत इस मैदान पर एकत्रित होंगे। हर व्यक्ति को अपने साथियों को ये बताना है कि हमें कार्यक्रम की परमिशन मिल गई है। इस कार्यक्रम में सभी समाजों के लोग एकत्रित हो रहे हैं।
करणी सेना परिवार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की कुंडा से विधायक और पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में राजस्थान, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़ से भी राजपूत समाज के पदाधिकारी शामिल होंगे।