नीमच। आज जैन सोशल ग्रुप नीमच ने नगरपालिका नीमच द्वारा आवंटित ग्रीन बेल्ट क्रमांक 11 पर संस्कार वाटिका का समारोहपूर्वक लोकार्पण किया। संस्कार वाटिका का निर्माण स्कीम नंबर 36 बी के बाहर नसीराबाद महू रोड नीमच के शहरी हाईवे पर किया गया है।
इस भव्य और गरिमामयी लोकार्पण समारोह में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति, चोपड़ा पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश पप्पू जैन, वरिष्ठ समाजसेवी संतोष चोपड़ा, डॉ रमेश दक, विनोद भरभूटा, जितेंद्र रुनवाल, मनोज नागोरी,मनोहर मोटवानी,मनीष मोगरा, हेमंत जैन, अजीत बंब, संगीता जारोली मंचासीन रहे। भगवान महावीर की छवि पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के पश्चात मंचासीन अतिथियों, गणमान्य नागरिकों एवं उपस्थित पार्षदगण का आयोजकों द्वारा माला पहना कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर भामाशाह माणकलाल सोनी का शाल ओढ़ाकर व श्रीफल भेंट कर सम्मान और अभिनंदन किया।संस्कार वाटिका के लोकार्पण समारोह में विधायक परिहार ने कहा कि जैन सोशल ग्रुप की संस्कार वाटिका बहुत सुंदर बनी है।नीमच को उदयपुर जैसा सुंदर बनाने का हमारा सपना है। नीमच की माटी का ऋण चुकाने के लिए हमें निष्ठा से काम करना चाहिए।
वहीं नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि देश हमें बहुत कुछ देता है हमें भी देश को कुछ देना चाहिए। जो वृक्ष हम लगाते हैं उसका रखरखाव बराबर किया जाए। लोकार्पण समारोह के दौरान जैन समाज का ध्वजारोहण णमोकार मंत्र के साथ किया गया। अतिथियों द्वारा संस्कार वाटिका में पौधारोपण भी किया गया।स्वागत भाषण मनोज नागोरी ने दिया। संचालन प्रतिभा पामेचा द्वारा किया गया।