नई दिल्ली। ऑटो एक्सपो के दूसरे दिन मारुति ने अपनी ऑफ रोडर एसयूवी जिम्नी को लॉन्च कर दिया। जिम्नी इंटरनेशनल मार्केट में काफी साल से मौजूद है। मारुति भारत में इसे पिछले पांच साल से अलग-अलग इवेंट्स में दिखाती आ रही है, लेकिन 2023 में आखिरकार इसे लॉन्च कर दिया गया है। भारत में जिम्नी का 4 व्हील ड्राइव और 5 डोर वर्जन लाया गया है।
मारुति ने जिम्नी की बुकिंग भी शुरू कर दी है। कंपनी इसकी बिक्री अपनी प्रीमियम डीलरशिप नेक्सा के जरिए करेगी। कस्टमर 11 हजार रुपए देकर इसकी बुकिंग करा सकते हैं। मारुति का कहना है कि जिम्नी इसी साल की पहली तिमाही में सड़कों पर नजर आएगी।
इस कार में 1.5 लीटर, 4 सिलिंडर K-15-B पेट्रोल इंजन होगा। यह 6,000 RPM पर 101 BHP का पावर और 4,000 RPM पर 130 NM का टार्क जनरेट करेगा। कार में 5-स्पीड मैनुअल और 4-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलेगा। इस SUV में ऑटो LED हेडलैंप्स विद वॉशर और स्टेट ऑफ द आर्ट एंटरटेनमेंट सिस्टम भी मिलेगा। जिम्नी को सात कलर्स में लॉन्च किया गया है।
मारुति सुजुकी ने जिम्नी 5 डोर को लॉन्च करने के साथ ही अपनी नई प्रीमियम एसयूवी मारुति फ्रोन्क्स से भी पर्दा उठा दिया है। मारुति सुजुकी ने इस एसयूवी को 4 सिलेंडर वाले 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ मार्केट में उतारा है। मारुति जिम्नी के साथ कंपनी ने इस एसयूवी के लिए भी बुकिंग विंडो को ओपन कर दिया है।