सरवानिया महाराज। डाइट सभागार नीमच में आज दिनांक 22 जनवरी 2023 को मध्य प्रदेश शिक्षक संघ की एक रणनीतिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले के लगभग 150 पदाधिकारी सम्मिलित हुए। बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कोषाध्यक्ष हिम्मत सिंह जैन ने कहा मध्य प्रदेश शिक्षक संघ द्वारा वर्षों से लंबित मांगों के निराकरणार्थ शासन के समक्ष अनेक अवसरों पर अपना पक्ष रखा गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा तीन बार शिक्षकों की मांगों को पूरा करने की घोषणा की गई । मुख्यमंत्री द्वारा अनेक मंचों से शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारी कदम उठाते हुए शिक्षा को नई ऊंचाइयां दी है प्रवीण सूची में आने वाले विद्यार्थियों में से अधिकांश शासकीय विद्यालयों के होते हैं । परंतु शिक्षकों की न्यायोचित मांगों की निरंतर अनदेखी भी की जा रही है । एक शाला एक परिसर से प्रदेश के 10000 विद्यालय बंद किए जा चुके हैं । सीएम राइस विद्यालय खोलकर सरकार गांव के विद्यालयों को बंद करना चाहती है । शिक्षा का निजीकरण करने की साजिश कर रही है। कथनी एवं करनी के भेद से शिक्षकों और जनता में आक्रोश व्याप्त है। शिक्षकों को आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ रहा है । 1- शिक्षकों के बुढ़ापे की लाठी पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, 2- वेतन अनुरूप पदनाम दिए जाने एवं, 3- पात्र शिक्षकों को क्रमोन्नति क्रमोन्नत वेतनमान अभिलंब दिए जाने के लिए मध्य प्रदेश शिक्षक संघ द्वारा अंतिम चेतावनी पत्र शासन को सौंप दिया गया है। दिनांक 12 फरवरी को नीमच में जिला मुख्यालय पर एवं 24 फरवरी को भोपाल में विशाल धरना प्रदर्शन , रैली की जावेगी। जहां पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में शिक्षक एकत्रित होंगे। शंखनाद हो चुका है । क्रांति का बिगुल बज चुका है। सभी शिक्षक कमर कसकर तैयार हैं। मांगे माने जाने तक संघर्ष जारी रहेगा इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष अखिलेश मेहता ने कहा - जब देश के पांच राज्यों में पुरानी पेंशन बहाल हो सकती है तो मध्यप्रदेश में क्यों नहींॽ पेंशन देना राज्य का नैतिक दायित्व भी है । परंतु टालमटोल कर इसे केंद्र सरकार के पाले में डालना अन्याय पूर्ण है। नीमच में जिला, विकासखंड ,तहसील एवं संकुल स्तर पर संघर्ष प्रमुख नियुक्त किए जा चुके हैं। जो निरंतर प्रवास कर इस आंदोलन को सफल बनाएंगे। इस अवसर पर कुसुम शर्मा प्रांतीय सचिव , विनोद कुमार पुनी संभागीय अध्यक्ष, बद्री लाल पुरोहित जिला संगठन मंत्री, ने भी संबोधित किया। बैठक में जिला संयोजक कमलेश बाड़ीका एवं सुनील शर्मा जिला सचिव भी उपस्थित रहे।