नीमच। शहर के कलेक्टोरेट में मंगलवार को कलेक्टर मयंक अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी जनसुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान नारायणगढ़ निवासी एक व्यक्ति यहां पहुंचा और इंसान दिलाने की मांग करते हुए आत्महत्या की चेतावनी दी। वह अपने साथ केरोसिन लेकर पहुंचा था, जिससे कुछ देर के लिए कलेक्टोरेट में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को नारायणगढ़ का प्रदीप कुमार निराला पहुंचा। उसने अधिकारियों के सामने जमीन का सीमांकन कर सौंपने की मांग की। निराला ने बताया कि मैं नारायण से आया हूं। मेरी नीमच जिले के सावन में जमीन है। उक्त जमीन पर श्यामलाल चौधरी और कारू सिंह ने फर्जी तरीके से कब्जा कर कॉलोनी काट दी है। इस संबंध में मैंने 29 नवंबर को कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों को शिकायत की। पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई। बावजूद अब तक मेरी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हुई है। मैं आज कलेक्टोरेट में केरोसिन लेकर पहुंचा हूं। यदि मेरी जमीन को 3 दिन में सीमांकन कर मुझे नहीं सौंपा गया तो मैं कलेक्टोरेट में ही आत्महत्या करूंगा। निराला ने बताया कि उक्त जमीन 4 साल पूर्व उसके पिताजी ने खरीदी थी। इसके बाद उसने भी यहां जमीन खरीदी थी। निराला ने एसडीएम के बाबू पर रिश्वत लेने के आरोप लगाते हुए वीडियो रिकॉर्डिंग होने की बात भी कही। उन्होंने बताया कि अधिकारी बिना रूपये लिए किसी का काम नहीं करते हैं। मैं 2 माह से चक्कर काट रहा हूं। मेरी कोई सुनने वाला नहीं है।