नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर धरना दे रहे रेसलर्स और पुलिस के बीच बुधवार देर रात झड़प हो गई। कुछ रेसलर्स को चोटें आई हैं। झड़प के बाद विनेश और साक्षी जैसी मेडल जीतने वाली रेसलर्स रोने लगीं। अगली सुबह यानी गुरुवार को बजरंग पूनिया ने कहा कि हम अपने मेडल्स भारत सरकार को लौटा देंगे। बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने कहा कि अब यह लड़ाई लंबी चलेगी।
इसी बीच बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस कमिश्नर के नाम चिट्ठी लिखकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। ये पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी को लेकर लगातार 12 दिन से धरने पर बैठे हैं। इसी मामले पर सुप्रीम कोर्ट में आज ही सुनवाई भी होनी है।