इन्दौर। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान का द्वितीय चरण 10 मई 2023 से 25 मई 2023 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान चिन्हांकित 67 सेवाएं प्रदान करने वाले सभी मैदानी कार्यालयों में उक्त सेवाएं प्रदान करने हेतु शिविर लगाये जायेंगे।
कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उक्त सभी कार्यालयों में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के द्वितीय चरण के बैनर लगाए जाए। अभियान हेतु राजस्व, सामान्य प्रशासन, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, ऊर्जा आदिम जाति कल्याण, उच्च शिक्षा, मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, सहकारिता, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार, उद्यानिकी एवं परिवहन विभाग की चिन्हांकित सेवाओं हेतु प्रतिदिन प्राप्त होने वाले आवेदनों की संख्या एवं निराकृत आवेदनों की संख्या की पोर्टल पर प्रविष्टि की जायेगी। 10 मई 2023 से 25 मई 2023 के मध्य प्राप्त होने वाले उक्त सेवाओं के आवेदनों का भी निराकरण पोर्टल में दर्ज किया जाना सुनिश्चित किया जायेगा। प्रत्येक कार्यालय, जिसमें शिविर लगेगा, उसका विशिष्ट नोडल अधिकारी नामांकित किया जायेगा। प्रत्येक कार्यालय में आने वाले आवेदकों के बैठने एवं पेयजल इत्यादि की उपयुक्त व्यवस्था करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए हैं।
कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी ने कहा है कि सभी प्रयासों का उद्देश्य यह होना चाहिए कि अभियान समाप्ति के पश्चात उक्त चिन्हांकित 67 सेवाओं के लिये कोई भी पात्र आवेदन शेष न रहे।