सिंगोली। नगर निकाय ने स्वच्छता की दौड़ में सबसे अधिक अंक पाने की कोशिश करते हुए गुरुवार से कस्बे में रात्रिकालीन सफाई अभियान की शुरुआत कर दी है।
बताया जाता है कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में शामिल सिंगोली नगर निकाय द्वारा स्वच्छता के क्षैत्र में सर्वोच्चता हासिल करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।
शायद यही कारण है कि नगर परिषद ने गंदगी और पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगाने के बाद अब सरकारी कार्यालय, बाउंड्री वॉल, बिजली के पोल समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर बैनर लगाने पर भी रोक लगा दी है।
इस बाबत गुरुवार देर रात जानकारी देते हुए स्वच्छता प्रभारी दिलीप जोशी ने बताया कि नगर परिषद ने कस्बे को साफ स्वच्छ बनाने की मुहिम के तहत गुरुवार से रात्रिकालीन सफाई अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत सभी प्रमुख मार्गों और बस स्टेंड की सफाई कर्मचारियों द्वारा साफ-सफाई एवं टैंकर से धुलाई की जा रही है।
रात्रिकालीन सफाई अभियान से यह बड़ा फायदा होगा कि रात होते ही जो मार्ग कचरे से पटे हुए नजर आते थे अब वह साफ और स्वच्छ नजर आएंगे। इसके लिए कस्बे के आम नागरिकों, व्यापारियों एवं रहवासियों आग्रह किया गया है कि वे रात्रि में दुकानें बंद करके जाते समय दुकान का कचरा सड़कों पर ना फेंके। बल्कि उसे किसी निर्धारित स्थान या कूड़ेदान में ही डाले। जो लोग ऐसा नहीं करेंगे उस पर निगरानी रखी जाएगी और उसे नोटिस देकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।