भोपाल। सीएम राइज स्कूलों में सभी आवश्यक सुविधाएं मापदंड अनुरूप सुनिश्चित करें। संभागायुक्त मालसिंह ने भोपाल जिले के सीएम राइज स्कूल की प्रगति एवं सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सीएम राइज स्कूल में बालक-बालिकाओं का सर्वागीण विकास सुनिश्चित करने के लिए लगातार नवाचार करें। उन्होंने कहा कि बच्चे कच्चे घड़े के समान होते हैं उनके मन में कई जिज्ञासाएं होती है अत: सभी शिक्षक सभी बच्चों को समान रूप से ध्यान में रखकर शिक्षण काम करें।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी बच्चों का विशेष क्षेत्र में प्रतिभा अनुरूप चिन्हांकन कर रिपोर्ट तैयार करें। उनकी कैरियर काउंसलिंग में यह सुनिश्चित करें कि जिस क्षेत्र को उन्होंने चुना है उसमें वैश्विक स्तर पर एवं सामयिक घटनाएं का भी ज्ञान विकसित करें ताकि संबंधित क्षेत्र में उन्हें भविष्य में कई विकल्प चुनने का अवसर मिले और वो मुकाम हासिल कर सके। साथ ही एक जिम्मेदार नागरिक बन सके।
संभागायुक्त मालसिंह ने स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा वर्तमान में संचालित सीएम राइज स्कूल में संचालित अनेक गतिविधियों की पीपीटी का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने भोपाल जिले के सभी 8 सीएम राइज स्कूल के काम काज की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शालाओं को आवंटित राशि और शैक्षणिक गुणवत्ता की शिक्षा अधिकारी स्कूलों का ऑफ और ऑनलाइन निरीक्षण कर पता करें।
बैठक में उन्होंने सभी शिक्षकों को मूलमंत्र देते हुए कह कि आप बच्चों में ऐसे गुण विकसित करेंगे कि माता, पिता, गुरू और समाज का सम्मान बढ़े। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में सुव्यवस्थित पुस्तकालय बनाए जाए और उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में विश्व के महान नायकों की जीवनी रखी जाए जिससे बच्चे पढे़ और प्रेरित हो। बैठक में संयुक्त संचालक संभागीय शिक्षा अधिकारी अरविन्द्र कुमार चोरगड़े और स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।