नीमच। मध्यप्रदेश सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ नीमच जिला इकाई के समस्त सहकारी समिति के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आज से अनिश्चितकालीन कलम बंद हड़ताल शुरू कर दी है।
आज नीमच जिले के सहकारी समिति के कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। इनकी मांग है कि वर्ष 2019 से जारी सेवा नियम अनुसार वेतनमान लागू किया जाए। मार्च 2021 से महासंघ के साथ किए शासन से समझौते के अनुसार प्रदेश के पैक्स सहकारी संस्थाओं के प्रभारी प्रबंधक, सहायक प्रबंधक, लेखापाल, कंप्यूटर ऑपरेटर, कैशियर, लिपिक, विक्रेता, कनिष्ठ विक्रेता, चौकीदार आदि कर्मचारियों को ग्रामीण स्तर पर कार्यरत कर्मचारी के बराबर वेतनमान दिया जाए। प्राइवेट उपभोक्ता भंडार, स्व सहायता समूह, वन समिति आदि को खाद्यान्न वितरण पर कमीशन 200 रूपए प्रति क्विंटल छिजन 2 किलो प्रति क्विंटल के आदेश तत्काल जारी किए जाए। सहकारी समिति के कर्मचारी आगामी दिनों में चरणबद्ध आंदोलन के दौरान सुंदरकांड का पाठ, मुंडन संस्कार, रैली निकालना और भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री को सामूहिक इस्तीफे सौंपने की तैयारी में है।
आज नीमच जिले में हड़ताल के दौरान महेश चौरसिया, कुलदीप जैन, कैलाश चंद्र पाराशर, मदन लाल पाटीदार, गोपाल गहलोत, गोपाल शर्मा, ओम प्रकाश जोशी, राधेश्याम वर्मा, सुंदर लाल गुर्जर, राजेंद्र सिंह चुंडावत, जितेंद्र जैन, भंवरलाल जैन, विजय सिंह भाटी, भगवान सिंह राणावत, सुरेश गोस्वामी और बड़ी संख्या मे कर्मचारी मौजूद रहे।