सीहोर। जिलेभर में 10 मई से 31 मई तक मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान का दूसरा चरण चलाया जाएगा। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के सफल आयोजन के लिए शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है। जारी निर्देश अनुसार नागरिकों को प्रदान की जाने वाली चिन्हांकित 67 सेवाओं से संबंधित आवेदनों का दो श्रेणियों में निराकरण किया जाएगा। चिन्हांकित 67 सेवाओं से संबंधित ऐसे आवेदन, जो नागरिकों द्वारा पूर्व से दिए गए हैं और अभी निराकृत नहीं हुए हैं या किसी कारण से लंबित है, ऐसे सभी आवेदनों का अंतिम निराकरण इस अभियान के दौरान 31 मई 2023 तक किया जायेगा।
अभियान के अंतर्गत दिनांक 16 मई से 25 मई 2023 तक हर ग्राम और हर नगरीय वार्डों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में नागरिक इन 67 सेवाओं से सम्बंधित नवीन आवेदन दे सकते हैं, जिनको अलग से पंजीकृत कर उनका निराकरण 15 जुलाई 2023 तक कराया जाएगा।इन 67 सेवाओं से संबंधित जिन आवेदनों को स्वीकार कर उनका अंतिम निराकरण कर दिया जाएगा, उनके इस आशय के प्रमाण पत्र ग्राम/ शहरी वार्ड स्तर पर वितरित किये जायेंगे।शिविरों में यदि चिन्हांकित 67 सेवाओं के अलावा भी कोई आवेदन आता है, तो उसे भी अलग से पंजीकृत कर समय-सीमा में निराकृत करना सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक आवेदन तथा शिकायत के निराकरण की सूचना संबंधित शिकायतकर्ता को अनिवार्य रूप से दी जाएगी।