आगर मालवा। कलेक्टर कैलाश वानखेड़े ने बुधवार को जिला अधिकारियों के साथ नलखेड़ा विकास खण्ड के ग्राम रिंछी, भुण्डवास, धरोला का भ्रमण कर आंगनवाड़ी केन्द्र, पंचायत भवन, राशन दुकान, ग्रामीण विकास के निर्माण कार्यां का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से शासन की योजनाओं में मिल रहे लाभ की जानकारी ली। कलेक्टर वानखेडे ने सर्वप्रथम आंगनवाड़ी केन्द्र रिछी पहुंचकर बच्चों से संवाद किया तथा भोजन, नाश्ता के बारे में जानकारी ली। बच्चों को गिनती और पहाडे बोलने को कहा। बच्चों ने बडी निडरता से गिनती पहाडे सुनाएं। कलेक्टर वानखेडे ने बच्चों का उत्साह वर्धन किया एवं पहाडे सुनाने वाले बच्चों को पेन पुरस्कार मे दियें। इस दौरान किचन शेड की टूटी खिडकी लगवाने के लिए रसोईयों ने आग्रह किया। कलेक्टर ने खिड़की लगवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके पश्चात् कलेक्टर ने ग्राम पंचायत भवन का निरीक्षण किया एवं सचिव, रोजगार सहायक से लाडली बहना योजना मे फार्म भरने व पंचायत क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए गेहूं उपार्जन, राशि का भुगतान के बारे में पूछा तथा ग्रामीणों से सीमांकन, नामांतरण, बंटवारे, शासकीय उचित मूल्य दुकान से राशन वितरण की जानकारी तथा पटवारी, सचिव के आफिस आने के बारे मे पूछा गया। ग्रामीणों द्वारा सचिव के द्वारा सेवाएं नहीं देने और कार्यालय में उपस्थित नहीं रहने की शिकायत की गई। जिस पर कलेक्टर वानखेडे ने उक्त पंचायत सचिव को निलंबित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों को गुटखा, बीडी का सेवन नहीं करने की दी समझाईश कलेक्टर ने ग्राम रिंछी में गुटखा खाने,बीडी पीने वाले ग्रामीणों को इनका सेवन नहीं करने की समझाईश दी, ग्रामीणों ने गुटखा, बीडी का त्याग कर बचत करने की बात कही और राशि का उपयोग परिवार की आवश्यकता की पूर्ति के लिए करने, बुढापे में उपयोग के लिए बैंक, पोस्ट ऑफिस में जमा करने की बात कही। ग्रामींण महिलाओं को भी लाडली बहना योजना मे मिलने वाली राशि की बचत करने की समझाईश कलेक्टर द्वारा दी गई।
उप स्वास्थ्य केन्द्र भण्डावद पर साफ-सफाई नहीं होने पर जताई नाराजगी-
कलेक्टर वानखेड़े ने ग्राम भण्डावद पहुंचकर, आरोग्यम केन्द्र, उप स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। उप स्वास्थ्य केन्द्र पर साफ-सफाई व्यवस्था अच्छी नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए संस्था प्रभारी को नियमित सफाई करवाने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर ने केंद्र पर दी जाने वाली सेवाओं के बारे में जानकारी ली तथा स्वयं अपना बीपी चेक करवा कर स्वास्थ्य सेवाएं देखी। उप स्वाथ्य केंद्र की व्यवस्थाएँ एवं सेवाएँ ठीक नहीं पाये जाने पर विभागीय अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम भण्डावद में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियो से चर्चा कर फीडबैक लिया गौ-शाला का किया निरीक्षण कलेक्टर वानखेड़े ने ग्राम धरोला मे गौशाला का निरीक्षण कर संचालक से व्यवस्थाओ के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए गौशाला में गायों के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध रखें, चारा, भूसे का भण्डारण भी पर्याप्त मात्रा में किया जाए। साथ ही उन्होंने संचालक को चरनोई भूमि को अपने आधिपत्य मे लेकर रख रखाव करने के निर्देश दिये। भ्रमण के दौरान सीईओ जिला पंचायत हरसिमरनप्रीत कौर, जिला अधिकारी एवं नलखेड़ा ब्लॉक के अधिकारी उपस्थित रहे।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।