कटनी। बिजली की समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता को दस सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से कहा गया है कि एनकेजे, रोशन नगर, प्रेमनगर, दुबे कॉलोनी, जागृति कॉलोनी, मूंगा बाई कॉलोनी, जैन कॉलोनी, नयागांव, बजरंग कॉलोनी, मंगल नगर क्षेत्रों में लगातार बिजली सप्लाई बंद होने से जनता परेशान हो रही है।
बार-बार बिजली सप्लाई बंद होने से बिजली के उपकरण भी खराब हो रहे है। सभी क्षेत्र ग्रामीण फीडर से जुड़े होने के कारण घंटो लाइट बंद होने की समस्या से लोग परेशान रहते हैं। सभी ट्रांसफार्मर की लाइन शहरी फीडर से जोड़ने की मांग की गई है।
वार्ड क्रमांक 18 अंतर्गत रोशन नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना वाली रोड से लेकर डाइट कॉलेज मुख्य मार्ग तक विभिन्न गलियों में चार साल पहले बिजली के खंभे लगाए गए है उनकी केबल भी खींच दी गई है लेकिन लाइन नही जुड़ी होने से लोग बांस बल्ली के सहारे अस्थाई कनेक्शन लेकर भारी बिजली बिल चुकाने को मजबूर है।
कांग्रेस नेता आफताब अहमद ने बताया कि बिजली चले जाने पर सुधार कार्य के लिए स्टाफ और वाहन की कमी से कई दिनों तक शिकायत का निराकरण नहीं हो पाता है। इतने अधिक दरों से बिजली खरीदकर भारी भरकम बिजली बिल भरने को मजबूर है, लिहाजा स्टाफ और वाहन की कमी को दूर किया जाए।
कांग्रेस नेता विनीत जायसवाल ने बताया कि रोशन नगर, प्रेम नगर, साई पुरम कॉलोनी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड और नया गांव क्षेत्र में बिजली के खंभे लगाने के कई प्रस्ताव लंबित है, जिनमें अनावश्यक प्राक्कलन तैयार करने, टेंडर करने, वर्क ऑर्डर जारी करने में देरी की जा रही है। जनता अस्थाई विद्युत कनेक्शन लेकर बांस बल्ली के सहारे बिजली लेने को मजबूर है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमल पांडेय ने कहा कि रोशन नगर, प्रेम नगर, एनकेजे क्षेत्र में लोगों के मकानों के उपर से निकली हाई टेंशन लाइन को मुख्य मार्ग में शिफ्ट किया जाए और बिजली के बिल के वितरण की सुविधा को दोबारा प्रारंभ किया जाए।