नीमच। सिटी थाने से चंद कदमों की दूरी पर एनएसयूआई के छात्रों ने आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला दहन किया। स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर छात्रों ने उग्र नारेबाजी करते हुए पटवारी परीक्षा में घोटाले का आरोप लगाया।
छात्रों का कहना था कि जिसने दिया मामा को कमीशन, सिर्फ उसी का हुआ सिलेक्शन। एनएसयूआई ने कमीशन खोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि शासकीय पदों पर भर्ती में जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। चयनित टॉप दस में से 7 पटवारी ग्वालियर में भाजपा के विधायक के कॉलेज से चुने गए हैं। यह व्यापम से भी बड़ा घोटाला है। छात्रों ने कहा कि इस गड़बड़ी की सीबीआई जांच होनी चाहिए। गरीब छात्र जो कि लाखों रुपए कोचिंग पर खर्च कर परीक्षा में बैठते हैं उनके साथ यह बहुत बड़ा धोखा है। पूर्व में पुलिस भर्ती में भी इस प्रकार के घोटाले हुए है।
गौरतलब है कि पटवारी परीक्षा में हुए घोटाले को लेकर पूरे प्रदेश में जगह जगह सरकार के खिलाफ प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए हैं। आज नीमच में छात्रों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उमराव सिंह गुर्जर भी शामिल हुए। पुतला दहन एनएसयूआई के युवा नेता राकेश गुर्जर और दीपक गुर्जर के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान विकास हरित, अभिषेक पाटीदार, वैभव शर्मा, सुमित यादव, विशाल नागदा, कपिल, सुनील गुर्जर, शिव गुर्जर, लक्की, राहुल अहीर और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।