मंदसौर। शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अभिनंदन कालोनी में रोड निर्माण को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया और नगर पालिका और भाजपा पर आरोप लगाते हुए रोड पर हो रहे गड्ढों पर पुष्पांजलि अर्पित करी।
कांग्रेस नेता राघवेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि अभिनंदन नगर में सड़क निर्माण का कार्य होने को था, टेंडर भी हो चुका है, मगर रोड का कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया। ठेकेदार की लापरवाही के कारण आम जनता को आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी भी लापरवाही बरत रहे हैं। पूरी सड़क खोदकर अलग हटा दी है, मगर इसका नवीन कार्य भी प्रारंभ नहीं हुआ है, जिसके कारण राहगीरों को बरसात के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार अधिकारियों से संपर्क किया मगर वह नजरअंदाज कर रहे हैं जिसको लेकर आज एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया। जिससे नगर पालिका और कर्मचारी को आगाह किया गया अगर इस निर्माण कार्य को प्रारंभ नही किया तो पुनः आंदोलन किया जाएगा और यह भी आरोप लगाया कि मन्दसौर शहर में बारिश शुरू होने के बाद ऐसे निर्माण कार्य शुरू किए जाते हैं जिससे कमीशन खोरी बढ़ती जा रही है।