मंदसौर। जिले में फर्जी तरीके से पुलिस बनकर डोडाचूरा तस्करी व अवैध वसूली करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी एनडीपीएस मामलों में फरार था, जो पुलिस बनकर रोड़ पर लोगों से अवैध वसूली व तस्करी कर रहा था।
झारड़ा चौकी प्रभारी मनोज गर्ग ने बताया कि, मुखबिर सूचना पर पुलिस ने झारड़ा रेतम नदी पुलिया से एक आल्टो कार क्रमांक आरजे 24 सीए 2813 को रोका। जिसकी तलाशी लेने पर दादाराव पिता रोडिलाल बंजारा निवासी गोपालपुरा थाना नारायणगढ़ को पकड़ा। जिसने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। वहीं फनीश शर्मा नाम के केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो भारत सरकार के मोनो की प्लेट लगा रखी थी। शोल्डर पर मप्र पुलिस के बेज लगा रखे थे। पुलिस का काला बेल्ट, काले जूते के अलावा कमर पर देशी पिस्टल लगा रखा थी व एक जिंदा राउंड पुलिस ने बरामद किया। पिस्टल बिना लाइसेंस की है।
पुलिस ने बताया कि, आरोपी मल्हारगढ़ के फोरलेन पर व क्षेत्र में रेत के टेक्टरों से अवैध वसूली करता है। पुलिस का कहना है कि, वह कार से डोडाचूरा तस्करी भी करता है। क्योंकि आरोपी एनडीपीएस मामले में फरार आरोपी है। जो क्षेत्र में नकली पुलिस बन कर घूम रहा था। मामले में पुलिस ने 170, 171 व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।