मन्दसौर। समीपस्थ गांव मुंदड़ी में परिवार के आपसी विवाद में जमकर लाठी डंडे चले। जिसमे एक व्यक्ति की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। वहीं मृतक की पत्नी का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। महिला की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी अनुसार गांव मुंदड़ी निवासी गोपाल नाथ सुबह जब अपने खेत पर निगरानी के लिए गया तभी उसी के परिवार के तीन से चार लोग खेत पर पहुंचे और गोपाल नाथ के साथ लाठी डंडे से मारपीट करने लगे। जिसके कारण गोपाल नाथ की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक को जिला अस्पताल मन्दसौर लाया गया। पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
मृतक गोपाल नाथ की पत्नी सुमित्रा ने बताया कि मैं घर पर ही थी। सरकारी स्कूल में मध्यान भोजन बनाने का कार्य करती हूं। तभी खेत से आकर मेरे देवर, देवरानी और उनके लड़के-लड़की चारों ने मिलकर मेरे साथ मारपीट करना शुरू कर दी। मेरे सिर और पैर में गम्भीर चोटें आईं हैं। पहले भी आपस में झगड़ा हुआ था और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, मगर पुलिस के लचीले कार्य शैली के कारण आज एक व्यक्ति को अपनी जान गवांना पड़ी।
चश्मदीद ललिता ने बताया कि मैं जब खेत गई तो गोपाल नाथ को तीन चार लोग मिलकर लाठी डंडे से मार रहे थे। आसपास खेतों में काम करने वाले लोगों ने गोपाल को मारपीट करने वालों से छुड़वाया लेकिन सिर में गंभीर चोंट लगने से गोपाल नाथ की मौत हो गई है।