भोपाल। राजधानी में एक पुलिसकर्मी की बेटी की हत्या कर दी गई। उसके गले पर चाकू से वार के निशान मिले है। गुरुवार दोपहर को उसकी डेड बॉडी नेशनल ज्यूडिशियल अकादमी के पास जंगल में मिली। उसे आखिरी बार उसके दोस्त के साथ देखा गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है।
रातीबड़ पुलिस ने बताया कि भदभदा डैम के पास बनी पुलिस चौकी से करीब 150 मीटर दूर गुरुवार शाम एक छात्रा की डेड बॉडी मिली है। उसके गले पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं। उसकी पहचान नेहरू नगर पुलिस लाइन में रहने वाली 22 वर्षीय निकिताशा चौहान उर्फ निक्की उर्फ निशू के रूप में हुई। उसके पिता गौतम नगर पुलिस थाना में हेड कॉन्स्टेबल हैं।
दोस्त के साथ घूमने गई थी-
रातीबड़ पुलिस थाना प्रभारी हेमंत श्रीवास्तव ने बताया कि निकिताशा चौहान बीए फाइनल ईयर की स्टूडेंट थी। गुरुवार सुबह वह अपने दोस्त यश तिवारी के साथ आखिरी बार देखी गई थी। दोपहर 3.30 बजे उसकी डेड बॉडी भदभदा पुलिस चौकी के नजदीक जंगल में पड़ी होने की सूचना मिली थी। आशंका है कि छात्रा की हत्या के बाद शव को जंगल में फेंका गया है।
हाल ही में अमरनाथ यात्रा से लौटे हैं छात्रा के पिता-
पुलिस थाना गौतम नगर से मिली जानकारी के अनुसार उमेश चौहान, थाने में प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वह पिछले दो सप्ताह से छुट्टी पर चल रहे हैं। उन्होंने अमरनाथ यात्रा के लिए 20 दिन की छुट्टी ली थी। वह अमरनाथ यात्रा से हाल ही में भोपाल लौटे हैं।
स्कूल जाने का कहकर निकली थी छात्रा-
छात्रा के चचेरे भाई विजय चौहान ने बताया कि निकिताशा, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे घर से आदर्श विद्या मंदिर स्कूल (एवीएम) जाने के लिए निकली थी। उसने परिजनों को स्कूल में आयोजित ओल्ड स्टूडेंट मीट में शामिल होने के लिए जाना बताया था। बकौल विजय घर से निकलने के बाद शाम करीब 4 बजे निकिताशा की मौत की सूचना मिली।