नीमच। जिले में पिछले 19 दिनों से बारिश नहीं हुई है। बारिश नहीं होने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें आ गई है। खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना लगातार बढ़ रही है। वर्षा की लंबी खेंच से आम नागरिक भी तेज उमस व गर्मी का सामना कर रहे हैं। यह हाल समूचे एमपी का है। प्रदेश के इंदौर-उज्जैन संभाग में जरूर पिछले चार दिन से रूक-रूककर हल्की बूंदाबांदी हो रही है। नीमच जिले में भी आज सुबह कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। बाकी जगह मौसम साफ ही रहा।
मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि सिस्टम एक्टिव नहीं होने से बारिश की एक्टिविटी कम हो गई है। मानसून ट्रफ लाइन भी हिमालय की तरफ चली गई है। इससे हल्की बूंदाबांदी ही हो रही है। 18 अगस्त से मानसून ट्रफ लाइन नॉर्मल पोजिशन में आने की उम्मीद है। इसके अलावा, साइकोनिक सर्कुलेशन भी एक्टिव होगा। इससे प्रदेश के पूर्वी हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी बूंदाबांदी-
प्रदेश में आगामी 24 घंटे में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। खासकर भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में हल्की बूंदाबांदी होने का अनुमान है। रतलाम, मंदसौर व नीमच जिले में दिनभर बादलों की जमावट देखी जाएगी। जबलपुर और ग्वालियर में धूप-छांव वाला मौसम रहने का अनुमान है।