नीमच। 77वां स्वतंत्रता दिवस का पर्व जिले में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा हैं। नीमच के शाबाउमा विद्यालय क्रमांक 2 मैदान पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। समारोह में जिला पुलिस बल, सीआरपीएफ, एनसीसी और स्काउट के प्लाटून शामिल हुए।
मंत्री सकलेचा द्वारा वरिष्ठ नागरिकों और मीसा बंदियों का सम्मान किया गया। उन्हें शाल श्रीफल और पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पूर्व कार्यक्रम स्थल पर मंत्री सकलेचा की अगवानी करने कलेक्टर दिनेश जैन, एसपी अमित कुमार तोलानी, एडीएम नेहा मीणा उपस्थित रहे। जिन्होंने सकलेचा की अगवानी की और शहीद स्मारक पर ले जाकर पुष्प चक्र अर्पित किया।
कार्यक्रम में नीमच जिला पंचायत के अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, भाजपा जिला अध्यक्ष पवन पाटीदार, एसपी अमित कुमार तोलानी, एडीएम नेहा मीना सहित जिले के प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्कूल के नन्हे मुन्ने छात्रों के द्वारा सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम के अंत में जिले के विभिन्न विभागों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को मंत्री सकलेचा और कलेक्टर जैन ने सम्मानित किया।