उज्जैन। शिकायतों के निराकरण समय पर नहीं करने पर आयुक्त सख्त हो गए हैं। ऐसे ही करीब 9 अफसरों की जानकारी सामने आई तो आयुक्त रोशन कुमार सिंह ने सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। स्पष्ट किया है कि अगर जवाब संतोषप्रद नहीं रहे तो उनके निलंबन तक की कार्रवाई की जा सकती है। शिकायतों का निराकरण नहीं करने में कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री, भवन निरीक्षक, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक संपत्तिकर अधिकारी शामिल हैं।
आयुक्त रोशन कुमार सिंह के मुताबिक पीसी यादव कार्यपालन यंत्री जोन 1 व 6, जगदीश मालवीय कार्यपालन यंत्री जोन 6, गायत्री प्रसाद डेहरिया भवन निरीक्षक जोन 5 को उत्तरा पोर्टल पर दर्ज समय सीमा प्रकरण पर कार्यवाही नहीं करने, मनोज राजवानी प्रभारी जोनल अधिकारी जोन 1 को सीएम हेल्पलाइन पर 20 जुलाई को जारी ग्रेडिंग संबंधित शिकायतों में जोन संबंधी 3 शिकायतें लंबित अवस्था में होने एवं वर्तमान में 8 शिकायत लंबित होने, राजीव शुक्ला प्रभारी सहायक यंत्री लोक स्वस्थ्य यांत्रिकी संधारण खंड को सीएम हेल्पलाइन पर 20 जुलाई को जारी ग्रेडिंग संबंधित शिकायतों में पीएचई संबंधी 6 शिकायतें लंबित अवस्था में होने एवं वर्तमान में 3 शिकायत लंबित अवस्था में होने पर नोटिस जारी किए गए हैं। आयुक्त ने कहा कि जो व्यक्ति परेशान होता है वो ही शिकायत करता है। फिर भी अफसरों द्वारा शिकायतों का समाधान नहीं किया जाना, उनकी लापरवाही को दर्शाता है। नोटिस दिए हैं, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी-कर्मचारी भी जमा कराए अपना संपत्तिकर वसूली में लक्ष्य तक पहुंचने के लिए जरूरी है कि अधिकारी और कर्मचारी भी अपना संपत्तिकर जमा कराएं। अपर आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि वह सभी विभागों के अफसरों को पत्र जारी कर संपत्तिकर वसूल करवाएं। - रोशन कुमार सिंह, आयुक्त, नगर निगम