झालावाड़। खोए मोबाइल मिलने के मोबाइल मालिकों की खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा। झालावाड़ जिले की साइबर सैल ने एसपी के निर्देश पर विशेष अभियान चलाकर करीब 18 लाख रुपए के 112 खोए और चोरी हुए मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए। सोमवार को एसपी कार्यालय में मोबाइल मालिकों को बुलाकर उनके मोबाइल सौंपे गए। इनमें से कई मोबाइल राजस्थान के अलावा गुजरात, एमपी, हरियाणा में चल रहे थे।
झालावाड़ एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि जिले में कई लोगों के मोबाइल गुम होने की शिकायत ऑनलाइन पुलिस पोर्टल पर दर्ज होने के बाद सम्बन्धित थाने एवं साइबर सैल को सूचित किया गया। इसके बाद टीम का गठन किया गया। साइबर सैल प्रभारी एएसआई राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल यशपाल सिंह परिहार, जितेन्द्र सिंह, अजय कुमार यादव, हेमसिंह, अशोक कुमार थाना भवानीमण्डी ने झालावाड़ जिले में खोए मोबाइल को ट्रेस कर बरामद किए। इसके बाद सम्बंधित मोबाइल फोन मालिकों को सूचना देकर एसपी ऑफिस बुलाया गया। एसपी ऋचा तोमर ने मोबाइल मालिकों को उनके मोबाइल लौटाए।
वर्तमान में चल रहे साइबर अपराध एवं सोशल मीडिया से सम्बंधित अपराधों के बचाव एवं सतर्क रहने की जानकारी दी। अपने कीमती मोबाइल मिलने के बाद एसपी कार्यालय में आए मोबाइल मालिकों ने पुलिस की साइबर सेल टीम को धन्यवाद दिया। एसपी ने बताया कि सभी मोबाइल ऑनलाइन गुमशुदगी दर्ज होने के बाद ट्रेस किए गए।