नीमच। मप्र शासन व्दारा अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए संचालित संत रविदास स्वरोजगार योजना से मिली आर्थिक मदद, नीमच जिले के गांव सरवानिया महाराज निवासी राजेश पिता भेरूलाल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बडा कदम साबित हुई है। इस योजना का लाभ लेकर राजेश ने अपना स्वयं का सेंट्रींग कार्य स्थापित किया है और वह आर्थिक रूप से अब आत्मनिर्भर भी बन गया है। सेंट्रींग कार्य का सफलतापूर्वक संचालन कर राजेश प्रतिमाह लगभग 20 से 25 हजार रूपये की आय प्राप्त कर रहा है।
नीमच जिले के सरवानिया महाराज निवासी अनुसूचित जाति वर्ग के राजेश को जब संत रविदास स्वरोजगार योजना का पता चला, तो उसने आदिम जाति कल्याण कार्यालय नीमच जाकर सेंटीग कार्य व्यवसाय के लिए ऋण आवेदन प्रस्तुत किया। राजेश को संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत यूकों बैंक सरवानिया महाराज से सेंट्रींग कार्य के लिए तीन लाख रूपये का ऋण मिला। इससे राजेश ने सेंट्रींग कार्य प्रारंभ किया। उसका सेंट्रींग कार्य चल निकला और उसे प्रतिमाह 20 से 25 हजार रूपये की आमदनी होने लगी है। अब वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन गया है। इस योजना से मिली मदद के लिए राजेश, प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री शिवराज सिह चौहान को धन्यवाद दे रहा है।