उज्जैन। आयुर्वेदिक कॉलेज के शिक्षकों का अनोखा प्रदर्शन चल रहा है। सम्मानजनक वेतन की मांग करते हुए अस्पताल परिसर में पेड़ के नीचे ओपीडी लगाई। महिला और पुरुष डॉक्टरों ने अस्पताल के बाहर पेड़ के नीचे बैठकर मरीजों को देखा।
आगर रोड स्थित चिमनगंज मंडी के सामने आयुर्वेदिक कॉलेज के आयुष चिकित्सा शिक्षकों ने बुधवार को वेतन विसंगतियों को लेकर प्रदर्शन किया। कॉलेज के डॉ. प्रकाश जोशी ने बताया कि मध्यप्रदेश में आयुष चिकित्सा के 9 महाविद्यालय हैं। इनमें लगभग 225 आयुष चिकित्सा शिक्षक कार्यरत हैं। इन आयुष चिकित्सा शिक्षकों को वर्तमान में पुनरीक्षित या संशोधित वेतनमान नहीं मिल रहा है।
मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग के सभी संकायों में पुनरीक्षित या संशोधित वेतनमान पिछले 1 से डेढ़ दशक से मिल रहा है। पशुओं की चिकित्सा करने वाले पशु चिकित्सक एवं केवल दंत चिकित्सा करने वाले दंत चिकित्सक, जिन पर कोई भी ओपीडी की जिम्मेदारी नहीं होती है, ना ही जीवन या मरण से संबंधित कोई भी जिम्मेदारी होती है।
इसके बावजूद भी उन्हें पुनरीक्षित या संशोधित वेतनमान पिछले डेढ़ दशकों से मिल रहा है। इसी इसी विसंगति के चलते आयुष चिकित्सा शिक्षकों के द्वारा पिछले 1 माह से शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया जा रहा है। इसकी श्रृंखला में आज शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेद महाविद्यालय उज्जैन के चिकित्सालय में आयुष चिकित्सकों ने पेड़ के नीचे ओपीडी संचालित की अर्थात पेड़ के नीचे सभी मरीजों को देखा और उनका उपचार किया।