मुरैना। एक दिवसीय मुरैना भ्रमण पर आये पूर्व मंत्री एवं राघौगढ़ विधायक जयवर्द्धन सिंह ने जहां भाजपा पर भ्रष्टाचार तथा केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर लालच से उपलब्धि लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सिंधिया द्वारा कांग्रेस पर किये जा रहे हमले भाजपा से मिली विशेष उपलब्धियों के कारण निरंतर बदल रहे रंग का परिणाम है। सिंधिया के कांर्ग्रेस वापस आने पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाताओं का अपमान करने वालों को कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी। सिंह आज मुरैना में अजाक्स द्वारा आयोजित विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान समारोह में भाग लेने के लिये आये हुये थे। उन्होंने आमजन के बेहतर स्वास्थ्य के लिये जीवाजीगंज में लगाई गई ओपन जिम का भी शुभारंभ किया गया। पत्रकारों से चर्चा करते हुये एक सवाल के जबाव में भाजपा पर महाकाल लोक, कारम डेम, पटवारी भर्ती सहित अन्य घोटालों का आरोप लगाया। कांग्रेस सरकार बनने पर युवाओं को पैसे की दम पर नहीं बल्कि योग्यता को रोजगार नौकरी का अवसर दिये जाने का विश्वास दिया। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा अधिक से अधिक युवाओं को मौका दिये जाने को भी कहा। सिंह मुरैना में अपने समर्थकों के निवास पर पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।