देवास। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में बुधवार को उत्कृष्ट छात्रावास के विद्यार्थियों ने छात्रावास में समस्याओं को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय जाकर डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने बताया कि कन्या-बालक छात्रावास में विभिन्न प्रकार की समस्याएं व्याप्त है। जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विद्यार्थियों ने बताया कि बालक छात्रावास में भोजन बनाने वाला नहीं है जिसके कारण वहां के छात्रों को स्वयं भोजन बनाना पड़ता है इससे उनकी पढ़ाई में परेशानी होती है।
बालिका छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं है। उसकी जांच करने की मांग भी विद्यार्थियों द्वारा की गई है इसके पहले भी छात्रावास में भोजन की शिकायत छात्राओं द्वारा की जा चुकी है। बावजूद इसके प्रशासन इस और कोई ध्यान नहीं दे रहा है। अभाविप के पदाधिकारियों ने कहा कि जल्द दोनों मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो उद्र आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा जिला शिक्षा कार्यालय में जमकर नारेबाजी भी की गई। इधर मामले में डिप्टी कलेक्टर अभिषेक शर्मा ने बताया कि उत्कृष्ट छात्रावास के विद्यार्थियों द्वारा बताया गया है। उन्हें भोजन व अन्य समास्याएं है। अभी संज्ञान में आया है उसका निराकरण करवाया जाएगा।