इंदौर। स्कूल छोड़ने के 27 साल बाद भी यदि आपमें अपने गुरुजनों के प्रति इतना सम्मान है, तो यह आपमें विद्यमान संस्कारों का ही प्रभाव है, और हमारी दी गई शिक्षा को हम सफल मानते हैं। आप कहीं भी रहें, अपने भारतीय संस्कारों को ज़िंदा रखें।’ ये विचार जवाहर नवोदय विद्यालय चंद्रकेशर बांध के पूर्व प्राचार्य अरुण कुमार तिवारी ने अपने सम्मान के प्रत्युत्तर में व्यक्त किए।
नवोदय विद्यालय चंद्रकेशर डैम की प्रथम चार बेच के विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा पूर्व प्राचार्य का मिलन समारोह इंदौर की होटल में सम्पन्न हुआ। इस मौके पर पूर्व छात्रों ने अपने टीचर्स को सांदीपनि सम्मान से सम्मानित किया। कार्यक्रम में 1988 से 1991 बैच के लगभग 100 विद्यार्थी और 16 शिक्षक तथा उस समय के प्राचार्य अरुणकुमार तिवारी सपरिवार उपस्थित हुए।
अपनी शिक्षा पूर्ण करने के उपरांत लगभग 27 साल बाद अपने शिक्षकों से मिलकर विद्यार्थी बहुत प्रसन्न हुए और स्नेहपूर्वक सम्मानित किया। मिलन समारोह में सभी शिक्षकों को श्प्रतीक चिन्हश्, शाल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।