नीमच। भारत सरकार के आयुष्मान भारत अभियान अंतर्गत नगरीय क्षेत्र नीमच के आयुष्मान योजना के पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाये जाकर, वितरित किये गये हैं। इसी प्रकार म.प्र.शासन की विभिन्न पेंशन योजनाओं में हितग्राहियों को पेंशन प्राप्त हो रही है। किंतु अनेक आयुष्मान कार्ड धारकों व पेंशनरों द्वारा समग्र ई-केवाईसी अभी तक नहीं करवाई है, जिससे आयुष्मान कार्ड के उपयोग में परेशानी आ रही है तथा पेंशनरों को पेंशन भी प्राप्त नहीं हो पा रही है। बिना ई.केवाईसी के आयुष्मान कार्ड उपयोग नहीं किया जा सकेगा व इसी प्रकार म.प्र.शासन की समस्त कल्याणकारी योजनाओं में समग्र ई-केवाईसी कराया जाना अनिवार्य है।
उपरोक्त जानकारी देते हुए नगरपालिका परिषद नीमच के कार्यालय अधीक्षक द्वारा प्रेस विज्ञप्ति में समस्त आयुष्मान कार्ड धारकों, पेंशन योजना हितग्राहियों व शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे समस्त हितग्राहियों जिनके द्वारा समग्र ईकेवाईसी नहीं कराया है, उनसे 07दिवस में समग्र ई केवाईसी कराने का अनुरोध किया है, ताकि उन्हें शासन की योजना का लाभ विधिवत् रूप से प्राप्त हो सके। बिना ई केवाईसी कोई भी हितग्राही शासन की किसी भी योजना का लाभ प्राप्त नहीं कर सकेगा।