नीमच। जिले में पिछले तीन सप्ताह से बारिश का दौर थमा हुआ है। वर्षा नहीं होने से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। किसान भाई फसलों की देखरेख करने में जुटे हैं। जिलेभर में कई जगह उज्जैनी मनाकर इंद्रदेव को प्रसन्न भी किया जा रहा है। बावजूद बरसात का दौर रूका हुआ है। नीमच जिले में अब तक चालू वर्षाकाल में 19.5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचएस पांडे ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में साइकोनिक सर्कुलेशन बन रहा है, जिससे आज कम दबाव के क्षेत्र में मौसम बदल सकता है। मध्यप्रदेश में बारिश का दौर फिर शुरू हो गया है। आज रीवा समेत 14 जिलों में तेज बारिश का अनुमान है। इंदौर-भोपाल में बादल छाए रहेंगे, जबकि ग्वालियर में मौसम साफ रहेगा। 19 और 20 अगस्त को एक्टिविटी बढ़ जाएगी। गुरुवार को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। जबलपुर में गुरुवार शाम से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी जारी रही।
आगामी 24 घंटे में इन जिलों में होगी बारिश-
प्रदेश के रीवा, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर में तेज बारिश के आसार। वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, सिंगरौली, सीधी, नरसिंहपुर, बालाघाट, टीकमगढ़, निवाड़ी में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके अलावा बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां में मौसम के साफ रहने का अनुमान है। यहां कुछ जगह देर शाम तक बूंदाबांदी की संभावना है।