रतलाम। बीती रात नगर निगम आयुक्त के घर के बाहर युवक कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया है। युवक कांग्रेस के पदाधिकारी शीतल सेन द्वारा संबल योजना के अंतर्गत संबल कार्ड बनवाने का आवेदन दिया गया था। जिसके लिए उससे निगम कर्मचारी ने रुपयों की मांग की। आवेदक शीतल सेन शिकायत लेकर जब निगमायुक्त के पास पहुंचा तो निगमायुक्त ने कहा कि काम सिस्टम के अनुसार होगा। संबल कार्ड नहीं बनने से नाराज शीतल सेन ने निगम आयुक्त के घर के बाहर धरना शुरू कर दिया। जिसके बाद अन्य युवक कांग्रेस और कांग्रेसी नेता भी मौके पर पहुंचे और धरना प्रदर्शन में शामिल हुए। करीब 1 घंटे से अधिक समय तक चले नारेबाजी और धरने के बाद निगमायुक्त गहरवाल बाहर आए और संबल योजना के आवेदन की जांच करवा कर कार्ड बनवा देने का आश्वासन दिया। जिसके बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता धरने से हटने को तैयार हुए।
धरने पर बैठे हैं शीतल सेन ने बताया कि उसके द्वारा संबल योजना के अंतर्गत 14 अगस्त के दिन लोक सेवा केंद्र पर आवेदन किया गया था। आवेदन पर वेरिफिकेशन भी नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा किया गया था और आज कार्ड मिलना था लेकिन जोन प्रभारी विनेश चौहान द्वारा संबल कार्ड बनाने के लिए रुपयों की मांग की गई। जिस पर शीतल सेन ने निगमायुक्त से इसकी शिकायत की। निगम आयुक्त द्वारा रुपए मांगने की शिकायत को गंभीरता से नहीं लेने से नाराज शीतल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर निगम आयुक्त के घर के बाहर रात में ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। निगम आयोग के घर के बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी होने की सूचना मिलने पर स्टेशन रोड थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। कांग्रेस पार्षद और नेता भी मौके पर पहुंचे और निगम आयुक्त से चर्चा की। बाद में निगम आयुक्त के जांच करवाने के आश्वासन के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ता धरने से हटने को तैयार हुए।