नीमच। जिला चिकित्सालय नीमच पर कायाकल्प टीम के डॉ सौरव मंडवारिया वित्तीय वर्ष के पहले निरीक्षण के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ट्रामा सेंटर के हेल्प डेस्क, मनकक्ष, ब्लड कलेक्शन सेंटर, इमरजेंसी वार्ड, मेडिकल वार्ड पुरुष और महिला सर्जिकल वार्ड, आईसीयू, इंजेक्शन कक्ष डॉक्टर्स के कक्ष आदि का गहनता से निरीक्षण किया।
कायाकल्प टीम के डॉक्टर सौरव मंडवारिया ने जिला चिकित्सालय की छत पर पानी की टंकी का ढक्कन खोल कर उसकी स्थिति देखी। नर्सिंग स्टाफ से चर्चा कर उनकी कुशलता और जानकारी किस स्तर की है यह जाने की कोशिश की। अस्पताल में उपलब्ध इंजेक्शन और ग्लव्स पहनने के तरीके तक को उन्होंने देखा। पेशेंट से चर्चा कर उनको मिलने वाली सुविधा और इलाज से संबंधित संतुष्टि का पता किया। दवाइयां और भोजन की व्यवस्था के बारे में चर्चा की। जैविक कचरा प्रबंधन और स्पिल मैनेजमेंट को देखा। इमरजेंसी ट्रे, डस्टबिन की व्यवस्था और साफ सफाई का अवलोकन किया। एडीआर रजिस्टर, कॉल रजिस्टर, बीटी रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड को खंगाला। स्टाफ से ट्रीटमेंट संबंधित प्रश्न पूछे।
इस दौरान देवरी खवासा के जगदीश पाटीदार और बघाना के नरेंद्र ने अस्पताल प्रबंधन की उदासीनता और सुरक्षा की चूक के बारे में शिकायत करते हुए कहा कि अस्पताल में बाहरी लोग नशा करके आ कर सो जाते हैं। पिछले दिनों में यहां मोबाइल चोरी की वारदात हुई। रात को सुरक्षाकर्मी नहीं रहते। बीती रात भी पुलिस को बुलाकर मेडिकल वार्ड में दारु पीकर आए हुए लोगों की शिकायत की गई।डॉक्टर सौरव ने स्वीकार किया कि जिला चिकित्सालय में सर्जिकल स्पेशलिस्ट की कमी है। पानी की टंकी में अपेक्षित सफाई नहीं है। जो भी खामियां हैं उसे दूर करने के प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान उनके साथ डॉ महेंद्र पाटील, डॉक्टर निरूपा झा और डॉक्टर संगीता भारती मौजूद रहे।