रतलाम। आज मध्य प्रदेश और राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर पुलिस अधिकारियों की बॉर्डर मीटिंग आयोजित की गई। उज्जैन रेंज के आईजी और बांसवाड़ा रेंज के आईजी अपने-अपने अधिकारियों के साथ इस बैठक में पहुंचे और विधानसभा चुनाव तैयारियों को लेकर सूचनाओं का आदान प्रदान किया। वहीं, दोनों प्रदेशों के बॉर्डर एरिया में अपराधियों से निपटने की रणनीति भी तैयार की। इस बैठक में राजस्थान के बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ जिलों के एसपी और मध्य प्रदेश के रतलाम, मंदसौर और नीमच जिले के एसपी शामिल हुए। इन सभी जिलों की सीमाएं आपस में मिलती हैं। दोनों ही प्रदेशों की पुलिस ने अपने क्षेत्र के फरार वारंटी और अपराधियों की जानकारी शेयर की है।
रतलाम में आयोजित की गई इस बॉर्डर मीटिंग में उज्जैन रेंज के आईजी संतोष कुमार सिंह और राजस्थान के बांसवाड़ा रेंज की आईजी एस परिमला अपनी अपनी रेंज के एसपी के साथ शामिल हुए। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बॉर्डर पर सतर्कता बरतने चेकिंग और चुनाव में अपराधिक तत्वों की धरपकड़ के लिए रणनीति बनाई और जानकारियां भी साझा की है। उज्जैन रेंज आईजी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि यह चुनाव को लेकर दोनों प्रदेशों की पुलिस की तैयारी की मीटिंग थी। दोनों प्रदेशों को जोड़ने वाले नाकों पर सीसीटीवी लगाए जाने का कार्य भी किया जा रहा है। वहीं, दोनों प्रदेश की पुलिस थाना स्तर के आपसी सामंजस्य से अपराध की रोकथाम के लिए कार्य करेंगे।