नीमच। जिले में पिछले 25 दिनों से बारिश नहीं हुई। बारिश की लंबी खेंच की वजह से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। किसान फसलों की देखरेख करने में जुटे हैं। उनका कहना है कि यदि अब जल्द ही बारिश नहीं हुई तो नुकसान हो जाएगा। नीमच जिले में अब तक चालू वर्षाकाल में 19.5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं प्रदेश के पूर्वी हिस्से जबलपुर, शहडोल, रीवा और सागर संभाग में दो दिन से बारिश हो रही है। यह सिस्टम पश्चिमी हिस्से भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में भी एक्टिव है। आज शनिवार को प्रदेश के 28 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में लो प्रेशर एरिया डेवलप हुआ है। इससे पूर्वी हवाएं मध्यप्रदेश में एक्टिव हैं। यह सिस्टम छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा। इस वजह से पश्चिमी हिस्से उज्जैन, इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, चंबल संभाग में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी बारिश-
प्रदेश के भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, गुना, अशोकनगर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह और सागर में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं ग्वालियर-चंबल संभाग के जिले में झमाझम के आसार है। इसके अलावा नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, शाजापुर, आगर-मालवा, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि मंदसौर, नीमच, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी में मौसफ साफ ही रहेगा।