जबलपुर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में संतों के नेतृत्व में 16 अगस्त से स्नेह यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। जबलपुर जिले मे तीसरे दिन आज शुक्रवार को स्नेह यात्रा मध्य प्रदेश गौ संवर्धन बोर्ड की कार्य समिति के अध्यक्ष स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरी जी महाराज के नेतृत्व में उमरिया से प्रारंभ होकर कुंडम विकासखंड के ग्राम कल्याणपुर में पहुँची। यहाँ तेज वर्षा के बावजूद यात्रा का बड़ी धूमधाम से कलश यात्रा के साथ महिलाओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों पर स्नेह यात्रा का स्वागत विधायक नंदिनी मरावी, जनपद उपाध्यक्ष संजय सिंह ठाकुर, जनपद पंचायत सदस्य मुकेश झारिया, कमलेश साहू, शिवनारायण पटेल आदि ने किया।
स्नेह यात्रा के दौरान कल्याणपुर के हनुमान मंदिर में ग्रामीण जनों के साथ स्वामी अखिलेश्वरानन्द जी द्वारा संवाद किया गया। इसके तुरंत बाद बस स्टैंड पर एक छोटी सभा के रूप में भी स्वामी जी ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में ग्राम विकास, स्वच्छता, स्वास्थ्य, सब पढ़ें-सब बढ़ें, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश प्रदान किया। स्वामी अखिलेश्वरानन्द जी ने स्वामी रामानन्दाचार्य एवं संत शिरोमणि रविदास जी जैसे महान संतों के समाज को एक सूत्र में पिरोने के संदेशों का उल्लेख भी किया ।
तीसरे दिन स्नेह यात्रा में दोपहर का जनसंवाद ग्राम बड़खेड़ा किया, जहाँ पर बड़ी संख्या जन समुदाय उपस्थित रहा। जन संवाद के इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुये स्वामी अखिलेश्वरानन्द जी ने कहा कि हम सब एक ही परमात्मा की सन्तान है, सभी को मिलकर सामाजिक समरसता के भाव पुष्ट करना चाहिये । उन्होंने समाज में समरसता पैदा करने के उद्देश्य से स्नेह यात्रा निकालने की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल का स्वागत करते हुये बताया कि इसका उद्देश्य समाज मे ऊंच-नीच की भावना तथा कुरीतियां को दूर करना है, ताकि सभी विकास में सहभागी बन सकें।
स्नेह यात्रा के अन्तर्गत कुंडम विकासखंड के ग्राम कल्याणपुर, रानीपुर, देवरी कला, इमलई, बड़खेरा, लखनवारा, भोका देवरी, पड़रिया और छीरपानी में कार्यक्रम आयोजित किए गए और स्वामी अखिलेश्वरानंद जी ने उपस्थित जन समुदाय के साथ संवाद किया। स्नेह यात्रा का अंतिम जन संवाद केसरपानी में एवं रात्रि विश्राम कुंडम में होगा। स्नेह यात्रा में सहयोग के लिए पूरे समय मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के कार्यकर्ता, नवांकुर संस्थाओं के कार्यकर्ता एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। संबंधित ग्रामों में जहां भी यात्रा गई वहां के ग्राम के सरपंच, पंच, पंचायत सचिव एवं ग्रामवासियों ने भी सराहनीय सहयोग प्रदान किया। यात्रा में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक प्रदीप तिवारी, विकासखंड समन्वयक विवेक मिश्रा, विनायक वडनेरकर, नवांकुर संस्था के कमलेश पटेल, शकुन सोयाम आदि उपस्थित रहे।