नरसिहंपुर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋजु बाफना ने नरसिंहपुर तहसील कार्यालय की निर्वाचन शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने 2 अगस्त 2023 से लेकर अभी तक फार्म 6 एवं फार्म 7 में क्रमशः जोड़े गये नवीन मतदाताओं के नाम एवं मृत मतदाताओं के विधिवत नस्तियों का परीक्षण किया। विवाह होकर अन्यत्र शिफ्ट हो गई महिलाओं के नाम काटने की प्रक्रिया के उपरांत सूची का वाचन करवाने और फार्म 7 के सत्यापन का कार्य नियुक्त किये गये सेक्टर अधिकारियों द्वारा करवाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि फार्म 7 के डिस्पोजल करने की संख्या कम है। उन्होंने इस कार्य में प्रगति लाने के लिए एआरओ को निर्देशित किया। सहायक निर्वाचन अधिकारी ईआरओ नेट पर इसकी लगातार मॉनीटरिंग करें। इस संबंध में जितने ऑनलाइन आवेदन आ रहे हैं, उनकी एंट्री करने का कार्य गंभीरता से करें।उक्त संबंध में सभी बीएलओ की मीटिंग लेकर ऑफलाइन आवेदन प्राप्त किए जाए।निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर एवं उप ज़िला निर्वाचन अधिकारी अंजलि शाह,तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार मौजूद थे।