भोपाल। युवा हल्ला बोल द्वारा शनिवार को मध्य प्रदेश के चयनित सब इंजीनियर्स ज्वाइनिंग की मांग को लेकर रोशनपुरा चौराहे प्रदर्शन कर विरोध दर्ज किया। युवा हल्ला बोल के प्रदेश अध्यक्ष अरुणोदय सिंह परमार ने कहा की आज से हम मध्यप्रदेश में बेरोजगारी के खिलाफ जन संघर्ष का आगाज करने जा रहे है। मेरे साथ आमरण अनशन में बैठे सभी चयनित सब इंजीनियर अभ्यर्थियों ने यह प्रतिज्ञा ली है की जब तक हाथ में नियुक्ति पत्र नहीं आ जाते हम भूख हड़ताल पर बैठे रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने एक ही वर्ग व्ठब् के ज्यादा अंक वालो को होल्ड कर दिया है और कम अंक वालों को नियुक्ति दे दी है। ऐसे करीब 250 छात्र हैं जो ज्यादा नंबर लाकर भी अपनी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं।
अरुणोदय सिंह ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शिवराज सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी करने वाले हैं। खुद अपनी पीठ थपथपाना अच्छी बात नहीं होती। अरे हम प्रदेश के युवाओं ने सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। जिसमें शिवराज सिंह फेल हो गए है। इसमें हमने एमपी सब इंजीनियर्स, ओबीसी के साथ न्याय, सब इंजीनियर्स पटवारी एवं अन्य भर्तियां, एक साल में एक लाख भर्तियां और युवा हितैषी विषय में 100 में से 0 नंबर दिए हैं। 1 वर्ष में 1 लाख सरकारी नौकरी देने की बात शिवराज सिंह ने की थी। आप खुद सोचिए जो चयनित सब इंजीनियर को नियुक्ति नहीं दे पाए उन्होंने क्या ही नौकरियां दी होंगी। मध्यप्रदेश में कोई भी भर्ती प्रक्रिया बिना घोटाले के पूरी नहीं होती।
एनएसयूआई नेता रवि परमार ने आमरण अनशन का समर्थन करते हुए कहा आज हमने वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तनखा जी से भी बात की है ताकि युवाओं को न्याय मिल सके। एनएसयूआई इसका पूरा समर्थन करता है। जहां तक हो सकेगा हम इन छात्रों के साथ लड़ेंगे। खुद को युवा हितैशी बताने वाली सरकार जो झूठी घोषणाओं के माध्यम से युवाओं के साथ छलावा कर रही।