खरगोन। मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित कॉल सेंटर से योजनाओं के क्रियान्वयन की लगातार निगरानी जारी है। 13 अगस्त को एक बार फिर खरगोन जिले के विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों के पास कॉल से जानकारी ली गई। इसके बाद सीएम हॉउस से खरगोन कलेक्टर कार्यालय में 19 नागरिकांे की समस्याओं के निराकरण के लिए सूची प्राप्त हुई। कलेक्टर श्री शिवराज सिंह वर्मा ने टीएल बैठक में सूची के आधार पर सम्बंधित विभागों को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। विभागों द्वारा सम्बंधित नागरिकों से मिलकर शिकायतों के सम्बंध में जानकारी ली गई।
कांझर में बहने लगा पानी, अनिल को मिला अगस्त का राशन-
प्रभारी खाद्य आपूर्ति अधिकारी श्री भारत सिंह जमरे ने बताया कि गोगांवा जनपद में दयालपुरा के अनिल यादव के पास सीएम हॉउस से कॉल कर राशन प्राप्ति के बारे में जानकारी ली गई। श्री यादव ने राशन नियमित मिलने की जानकारी दी। लेकिन अगस्त का राशन नहीं मिलने के सम्बंध में बताया था। चूंकि राशन वितरण 15 से 20 अगस्त के बीच होना था। परंतु शिकायत मिलने कारण अनिल यादव को करीब 5 दिनों पूर्व अग्रिम राशन दिलाया गया। इसी तरह कांझर के सनोवर के पास कॉल आने पर उन्होंने जल जीवन मिशन की पाइप लाइन व कार्य पूर्ण होने के बाद पानी नहीं मिलने की जानकारी दी गई थी। विभाग द्वारा बताया गया कि बिजली कनेक्शन नहीं होने से योजना के माध्यम से जल वितरण में देरी हुई। सनोवर की शिकायत के बाद कनेक्शन लगवा कर जल प्रदाय प्रारम्भ किया गया।
पशुपतिनाथ मंदिर के पास बनेगी 60 मीटर की नाली-
शहर के वार्ड 33 के संतोष ने सीएम हाउस से आये कॉल पर बताया था कि रहिमपुरा में पशुपतिनाथ मंदिर के आस नाली नहीं होने से गंदगी पसरी रहती है। नपा ने इस पर संज्ञान लेकर यहां 60 मीटर की नाली बनाने का प्रस्ताव बनाने की कार्यवाही प्रारम्भ की गई।